Badaun News: नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान के अंतर्गत बुधवार को जनपद में महिलाओं ने भव्य स्कूटी रैली निकालकर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता और सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने बदायूं क्लब से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान सिग्नेचर वॉल पर हस्ताक्षर कर महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया और लोकतंत्र में अपनी बढ़ती भागीदारी का संकल्प लिया।
बुधवार को बदायूं क्लब से शुरू होकर यह रैली भामाशाह चौक, इंद्रा चौक, बाबूराम मार्केट और पुलिस लाइन होते हुए पुनः आयोजन स्थल पर संपन्न हुई। अभियान संयोजक सीमा राठौर, रचना शंखधार और राजवती वर्मा के नेतृत्व में निकली इस रैली का शहर में जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ। उझानी और दातागंज जैसे विभिन्न क्षेत्रों में भी महिलाओं ने उत्साह के साथ इस आयोजन को सफल बनाया। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि यह अधिनियम केवल कानून नहीं, बल्कि करोड़ों महिलाओं के सम्मान और अधिकारों का आधार है।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने इसे जनआंदोलन बताते हुए कहा कि जागरूक महिलाएँ समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत हैं। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने विश्वास जताया कि राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व से लोकतंत्र और सशक्त होगा। पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल ने रैली को नारी सशक्तिकरण की नई मिसाल करार दिया। इस अवसर पर अमित उपाध्याय, रजनी मिश्रा, मोनिका गंगवार, जय साहू, योगिता रस्तोगी, समीक्षा शर्मा, ममता वर्मा, अंजली महाजन, सोनी गुप्ता, कविता शर्मा, नीलू मिश्रा, राना समीम, अंजू राठौर, कुसुम सक्सेना, गुड्डी राघव, उर्मिला, रेखा, महिमा और मीनाक्षी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

0 टिप्पणियाँ